झांसी। अन्त्योदय लाभार्थियों का सत्यापन गम्भीरता से कराया जाये। किसान गेहूं खरीद के लिये अपना पंजीकरण कराये ताकि 01 अप्रैल 2020 से गेहूं क्रय केन्द्रो पर उनका गेहूं खरीदा जा सके। यह निर्देश जनपद प्रभारी प्रमुख सचिव सुरेश चन्द्रा, श्रम एवं सेवायोजन विभाग उ0प्र0 ने विकास भवन सभागार में आयोजित मासिक समीक्षा बैठक में दिये।
बैठक में उन्होेंने कहा कि जहां पेयजल समस्या अधिक है वहां के लिये अभी से पेयजलापूर्ति हेतु रोडमैप बना ले ताकि समय से पेयजलापूर्ति सुचारु की जा सके। जनपद के समस्त विभागीय अधिकारी अपने आवास एवं कार्यालय का विद्युत बिल का भुगतान किया जाना सुनिश्चित करे। डूडा के अब तक के कार्यो की प्रगति पर असंतोष व्यक्त, आवासो का निर्माण लक्ष्य के सापेक्ष जल्द पूर्ण किया जाये। स्कूली वाहन का फिटनेस टेस्ट किया जाये। श्रम विभाग द्वारा संचालित लाभार्थीपरक योजनाओ का क्षेत्र में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाये। जनपद में 5 साल से लम्बित राजस्व वादो का निस्तारण अभियान चलाकर सुनिश्चित किया जाये।
प्रमुख सचिव ने जनपद की कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुये महिला अपराधों में गयी कार्यवाही की समीक्षा की। उन्होने कहा कि महिलाओ के साथ छोटी से छोटी घटना को गम्भीरता से लिया जाये और सख्त कार्यवाही की जाये। उन्होने बैठक में 17 मार्च को ग्राम बंकापहाड़ी के भ्रमण में बालिका के साथ छेड़छाड़ की शिकायत पर थानेदार द्वारा पीड़ित पर समझौता का दबाव बनाने पर नाराजगी व्यक्त की और निर्देश दिये कि प्रकरण की उच्च अधिकारी से जांच करायी जाय। साथ ही दोषी पर सख्त कार्यवाही की जाये। उन्होने जनपद के स्कूली वाहनो की फिटनेस व चालक का सत्यापन कराये जाने के निर्देश दिये।
प्रमुख सचिव श्रम एवं सेवायोजन सुरेश चन्द्रा ने विकास के प्राथमिकता कार्यक्रम की समीक्षा करते हुये कहा कि जनपद में श्रम विभाग द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगो को प्राप्त हो उसका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाये। उन्होने बताया कि यदि श्रम विभाग में श्रमिक का पंजीकरण है और उसके बच्चे उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे है तो उन बच्चो की फीस श्रम विभाग द्वारा जमा करायी जायेगी। इसके अलावा अन्य बिंदुओं पर भी चर्चा की।
इस मौके पर जिलाधिकारी आन्द्रा वामसी, एसएसपी डी प्रदीप कुमार, मुख्य विकास अधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा गजेन्द्र कुमार निगम, नगर आयुक्त मनोज कुमार, डीएफओ वीके मिश्रा, एडीएम राम अक्षयवर चैहान, एडीएम बी प्रसाद, डीडीओ उग्रसेन सिंह यादव सहित समस्त विभागो के अधिकारी उपस्थित रहे।
छेड़खानी की शिकायत पर कार्यवाही न करने पर प्रमुख सचिव ने जताई नाराजगी