डिजिटल डेस्क, मुंबई। पूर्व मुख्यमंत्री व विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि मैं मैदान छोड़ कर भागने वालों में से नहीं हूं। जब तक महाराष्ट्र में फिर से हमारी सरकार नहीं आ जाती मैं दिल्ली नहीं जाऊंगा। फडणवीस शनिवार को शिवसंग्राम पार्टी के स्थापना दिवस समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य की ऑटोरिक्शा सरकार ज्यादा समय चलने वाली नहीं है क्योंकि तीन पहियों वाली यह सरकार तीन दिशा में जा रही है। भाजपा नेता ने कहा कि महाराष्ट्र की जनता ने इस सरकार को नहीं चुना था। यह सरकार राजनीतिक हेराफेरी से बनी है।
केंद्रीय राजनीति में जाने की खबरों का किया खंडन
ठाकरे सरकार को स्थगिती देने वाली सरकार बताते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि हम भी सत्ता में आए थे। पर बदले की भावना से काम नहीं किया। कांग्रेस-राकांपा के लोगों के साथ अच्छा व्यवहार किया। कभी उन्हें अपमानित करने का काम नहीं किया। उन्होंने चेतावनी दी कि हमारे कार्यकर्ताओं को परेशान किया तो खबरदार हम सड़क पर उतर कर संघर्ष करेंगे। सत्ता का इतना भी नशा नहीं होना चाहिए।